तेलुगू अभिनेता रामचरन तेजा की हालिया फिल्म 'येवाडू' के खिलाफ एक FIR दर्ज कराई गई है। इस FIR में शिकायत की गई है कि रामचरन की इस फिल्म के पोस्टर्स बहुत ही अश्लील हैं। 12 जनवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने अब तक 20 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। जहां तक शिकायत की बात है तो ये FIR सिर्फ रामचरन ही नहीं बल्कि अन्य 9 लोगों के खिलाफ भी दर्ज हुई है जिसमें फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर का नाम भी शामिल है।
के. नागेन्द्र प्रसाद नामक व्यक्ति ने ये FIR आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में दर्ज कराई है। येमीगानूर पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई इस रिपोर्ट के बारे में पुलिस ने भी सहमति दी है और बताया है कि ये मामला भारतीय दंड संहिता के एक्ट 1986 के अन्तर्गत दर्ज करवाया गया है जिसके तहत किसी महिला को अश्लीलता के साथ नहीं दिखाया जा सकता।
जहां तक रामचरन की बात है तो हम आपको बता दें कि वो साउथ इंडियन सिनेमा के स्टार चिरंजीवी के बेटे हैं और साउथ इंडियन सिनेमा में उनकी भी तगड़ी फैन फॉलोइंग है। उन्होंने 2013 में आई फिल्म 'जंजीर' के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा था जिसमें उनके अपोजिट प्रियंका चोपड़ा थीं। 'येवाडू' फिल्म के डायरेक्टर वामसी पाडीपाली हैं और इस फिल्म में रामचरन के अपोजिट श्रुति हासन और एमी जैक्सन को कास्ट किया गया है।
