पैरोल पर पैरोल, पैरोल पर पैरोल, आखिर सजा कब भुगतोगे भाई?




मुंबई। यरवदा जेल में सजा काट रहे संजय दत्त एक महीने से पैरोल पर थे। उनकी पैरोल 21 जनवरी को खत्म होने वाली थी। यानी अब संजू बाबा को फिर से जेल की चार दीवारी में आना था। लेकिन मुन्नाभाई  जेल में पहुंचते इससे पहले उनकी पैरोल फिर से बढ़ा दी गई। संजय की पत्नी मान्यता की तबीयत खराब है, जिसके चलते उनकी पैरोल बार-बार बढ़ रही है। मान्यता का फेफड़ों की बीमारी की वजह से मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। 21 जनवरी को जेल में लौटने से पहले उनकी पैरोल को 30 दिन तक बढ़ा दिया गया है। यानी अब वो फरवरी के आधे महीने से ज्यादा बाहर रहेंगे।
संजय दत्त को 1993 में मुंबई में हुए बम ब्लास्ट के केस के चलते पूरे 6 साल की सजा दी गयी थी। हालांकि बाद में उनकी सजा एक साल कम कर दी गई थी। वो 18 महीने की सजा पहले ही काट चुके हैं, जबकि 42 महीने की सजा उन्हें अभी और काटना है। लेकिन वो पिछले तीन महीने से ज्यादा वक्त से बाहर हैं। संजय के मामले के आधार पर ही 1993 के बम विस्फोट मामले के एक अन्य आरोपी मुजीब पारकर को भी एक महीने के पैरोल की मंजूरी मिली है।