संजय दत्त की पैरोल एक महीने के लिए बढ़ी




यरवदा जेल में सजा काट रहे और फिलहाल एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर मुंबई अपने घर पर रह रहे अभिनेता संजय दत्त के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। पुणे के डिविजनल कमिश्नर प्रभाकर देशमुख ने आज संजय दत्त की उस अर्जी को मंजूरी प्रदान कर दी जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी मान्यता की खराब तबियत का हवाला देते हुए पेरोल बढ़ाने की गुहार लगाई थी। संजय दत्त के साथ ही पुणे की यरवदा जेल में बंद 93 बम धमाकों की आरोपी जैबुन्निसा काज़ी को भी एक महीने की पेरोल दी गई है।
4 महीने के भीतर संजय दत्त को दो बार पैरोल और एक बार फरलो(छुट्टी) देने के बाद अब जेल विभाग पर सवालिया निशान लगने लगे हैं। 21 जनवरी संजय दत्त को मिली एक महीने की पेरोल खत्म हो रही थी। पिछली बार जब अभिनेता संजय दत्त की पैरोल जेल विभाग ने मंजूर की उस दौरान पूरे देश में राज्य सरकार को कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी थी। लेकिन इस बार संजय के साथ-साथ 93 बम धमाकों की आरोपी जैबुन्निसा काज़ी को भी छुट्टी देकर इस विवाद से बचने का प्रयास किया है।
संजय ने पत्नी मान्यता दत्त की देखभाल के लिए पैरोल अवधि 30 दिन बढ़ाने की अर्जी दी थी। संजय पहले से ही एक महीने के पैरोल पर जेल के बाहर हैं। मान्यता अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें फेफड़ों में तकलीफ है। संजय को अवैध हथियार रखने के मामले में सजा सुनाई गई है। संजय के मामले के आधार पर ही 1993 के बम विस्फोट मामले के एक अन्य आरोपी मुजीब पारकर को भी एक महीने के पैरोल की मंजूरी मिली है। मुजीब को भी उसकी पत्नी की देखभाल के लिए पैरोल मिली है।