सलमान की 'किक' में काम करेंगे नवाजुद्दीन, कई बातों का किया खुलासा




बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को अब तक लोगों ने बहुत ही गंभीर रोल और अभिनय प्रधान फिल्मों में ही देखा है। अब उनका अगला प्रोजेक्ट है सलमान खान की फिल्म 'किक'। अब जबकि ये फिल्म सलमान खान की है, तो मोटे तौर पर अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये एक कॉमर्शियल फिल्म होगी। हांलाकि इससे पहले भी नवाज 'सरफरोश' और 'तलाश' जैसी कॉमर्शियल फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
इस बारे में जब नवाज से बात की गई तो उन्होंने बताया, 'ऐसा नहीं है कि अगर मुझे ए-लिस्ट वाले बड़े एक्टर्स के साथ फिल्म में काम करने का मौका मिलेगा तो मैं कुछ भी करने लगूंगा।' नवाज ने कहा, 'मैं कॉमर्शियल फिल्मों के खिलाफ नहीं हूं। मैं तर्कहीन फिल्मों के खिलाफ हूं। ऐसा नहीं है कि हर कॉमर्शियल फिल्म बिना सिर-पैर की होती है। अब '3 ईडियट्स' को ही देख लीजिए। ये एक कॉमर्शियल फिल्म थी, लेकिन उसकी कहानी बहुत ही बेहतरीन थी।'
वैसे जहां तक 'किक' की बात है तो उसके लीड एक्टर सलमान हैं। ऐसे में सारा फोकस सल्लू पर ही होगा और दूसरे एक्टर्स के पास करने के लिए ज्यादा कुछ खास नहीं होगा, लेकिन नवाज इस बात से इन्कार करते हैं। नवाजुद्दीन के मुताबिक जो कैरेक्टर वो कर रहे हैं, वो बहुत ही अच्छा है। नवाज अपने किरदार को अर्थपूर्ण बताते हैं और कहते हैं कि वो हर जेनेर के किरदार को अच्छी तरह निभा सकते हैं।
वैसे कहा ये भी जा रहा था कि नवाज इस फिल्म में नेगेटिव भूमिका में हैं। इसके बारे में नवाज ने कहा कि अभी तो फिल्म की शूटिंग भी शुरू नहीं हुई है। ऐसे में वो अभी कोई खुलासा नहीं कर सकते। हांलाकि नवाज ने एक बात और साफ कर दी कि वो फिल्मों में सपोर्टिंग रोल्स करते रहेंगे। अगर उन्हें अच्छी स्क्रिप्ट के साथ लीड रोल मिलता है तो वो फिल्म करेंगे, लेकिन अगर सपोर्टिंग रोल भी प्रभावी मिलते हैं तो उन्हें ये करने में कोई गुरेज नहीं है।