बीते दिन सलमान खान पूरी तरह अपनी आगामी फिल्म 'जय हो' के प्रमोशन में व्यस्त रहे। दिन में वो इन्दौर में इसी सिलसिले में व्यस्त थे और रात को मुंबई वापस लौट गए। मुंबई में ही रात में सलमान की दरियादिली का एक और नमूना देखने को मिला। जिस समय सलमान अपनी कार से मुंबई की सड़कों पर थे, उन्होंने एक सड़क पर एक स्ट्रगलिंग सिंगर को गाते हुए सुना।
इस पर ना जाने सलमान को क्या सूझा कि उन्होंने अपनी कार को रुकवाया, खुद बाहर आए और उस सिंगर को अपने पास बुलाकर गाना गाने के लिए कहा। उस सिंगर ने सलमान के लिए कई गाने गाए और सलमान बड़ी ही तल्लीनता से उसे सुनते रहे। इसके बाद काफी देर तक सलमान उस लड़के साथ सड़क पर ही टहलते रहे। रोचक बात ये थी कि उस समय कई फोटोग्रॉफर्स सलमान की तस्वीरें खींच रहे थे और सलमान कोई रिएक्शन नहीं दे रहे थे।
उन्होंने एक बार गुस्से से कैमरे की तरफ देखा जरूर, लेकिन कहा कुछ नहीं। गौरतलब है कि पिछले दिनों मुंबई में ही एक शख्स गाड़ी में बैठे सलमान की फोटो खींचने की कोशिश कर रहा था और सलमान ने उसे थप्पड़ रसीद दिया था। हांलाकि उनकी शख्सियत का जो दूसरा मदद करने वाला पहलू है, वो भी मुंबई में तब देखने को मिला जब सलमान ने एक आदमी के अपंग लड़के की सहायता के लिए उसे एक डॉक्टर का नंबर दिया था।
सलमान ने उस शख्स को अपने बेटे को डॉक्टर के पास ले जाने के लिए कहा था और पूरा खर्च उठाने का वादा भी किया था। हांलाकि कुछ लोगों का ये भी मानना है कि ये सब फिल्म को चलाने के लिए और अपनी पब्लिसिटी के लिए किया जाता है। रिलीज डेट नजदीक आते ही बॉलीवुड स्टार्स ऐसा करने लगते हैं।
