10 जनवरी को रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म 'यारियां' की डायरेक्टर दिव्या खोसला कुमार ने फिल्म की सफलता पर एक शानदार पार्टी का आयोजन किया। इस पार्टी में फिल्म की पूरी स्टार कास्ट मौजूद थी और फिल्म को रिलीज हुए 6 दिन हो गए हैं।
इन 6 दिनों में 'यारियां' 25.45 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। बड़ी बॉलीवुड फिल्मों के कलेक्शन के अनुपात में फिल्म कुछ खास नहीं कर पाई, लेकिन फिल्म में जितने भी स्टार्स थे, वो सारे नए थे। ऐसे में फिल्म की कमाई को संतोषजनक कहा जा सकता है।
'यारियां' टीम के पास खुद होने का एक और कारण ये है कि 10 जनवरी को इस फिल्म के साथ 'डेढ़ इश्किया' भी रिलीज हुई थी, लेकिन वो फिल्म अब तक सिर्फ 18.85 करोड़ की कमाई ही कर पाई है जबकि उस फिल्म में माधुरी और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार थे।
इस पार्टी में टी-सीरीज के भूषण कुमार, उनकी पत्नी और फिल्म की डायरेक्टर दिव्या खोसला कुमार और गुलशन ग्रोवर मौजूद थे। इसके अलावा फिल्म की पूरी स्टारकास्ट हिमांश कोहली, रकुल प्रीत सिंह, सेराह सिंह, देव शर्मा और निकोल फारिया मौजूद थे।
