इमरान हाशमी की आई जान में जान, बेटे का ऑपरेशन हुआ सफल




बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी के चार साल के बेटे अयान का ऑपरेशन सफल हो गया है। उनके बेटे के लीवर में ट्यूमर हो गया था, जिसकी वजह से उन्हें कैंसर होने का पता चला था। ऑपरेशन के बाद अयान की तबियत ठीक बताई जा रही है। ऑपेरशन हिंदुजा हॉस्पिटल में हुआ। अयान का कैंसर शुरुआती स्टेज में था।
बेटे के सफल ऑपरेशन के बाद इमरान को काफी राहत मिली है। इमरान ने कहा, "ट्यूमर निकाल दिया गया है। अयान एक फाइटर है। डॉक्टर्स ने बेहद अच्छे से अपना काम किया। उनका शुक्रिया अदा करना काफी नहीं हो सकता है। प्लीज, अयान के लिए प्रार्थना करें।"
गौरतलब है कि इमरान को जब बेटे अयान की किडनी में ट्यूमर होने की बात पता चली, तो वह बुरी तरह से टूट गए थे। उन्होंने अयान की बीमारी के चलते फिल्मों की शूटिंग व कई प्रोजेक्ट टाल दिए।
इमरान के बेटे को कैंसर होने की खबर सबसे पहले महेश भट्ट ने दी थी। उन्होंने कहा था, "मुझे सोमवार को 12.30 बजे के करीब इमरान का फोन आया। वह कुछ घबराकर बोल रहे थे और यह खबर ने मुझे हिला दिया। वह हिंदुजा हॉस्पिटल से फोन कर रहे थे, जहां जांच के बाद उनके बेटे की किडनी में ट्यूमर होने की बात पता चली। डॉक्टर्स ने तुरंत ही सर्जरी करने के लिए कहा था, क्योंकि ट्यूमर जानलेवा था।"
खैर, अल्लाह की दुआ से अयान का ऑपरेशन सफल हो चुका है और फिलहाल अयान की तबियत ठीक बताई जा रही है।