मुंबई: बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री करिश्मा कपूर भी अब आइटम नंबर का तड़का लगाती नजर आ सकती है।
बॉलीवुड के जाने-माने निर्माता संजय लीला भंसाली, अक्षय कुमार को लेकर गब्बर नामक एक फिल्म बना रहे हैं। यह फिल्म तमिल फिल्म रामना की रिमेक है जिसका निर्देशन दक्षिण भारतीय फिल्मों के मशहूर निर्देशक क्रिश कर रहे हैं।
बॉलीवुड में चर्चा है कि गब्बर में एक आइटम गाने के लिये करिश्मा कपूर का चयन किया गया है। यह पहला अवसर होगा जब करिश्मा किसी फिल्म में आइटम नंबर पर थिरकती नजर आयेंगी। इस बात की हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गयी है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2002 में तमिल की सुपरहिट फिल्म ‘रामना’ का निर्देशन ए.आर.मुर्गदास ने किया था। रामना में विजयकांत और सिमरन ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके बाद रामना तेलुगु और कन्नड़ में भी बनायी गयी। तेलुगु भाषा में बनी फिल्म टैगोर में चिरंजवी जबकि कन्नड़ भाषा में बनी विष्णुसेना में विष्णुवद्र्धन ने मुख्य भूमिका निभाई है।
