गोवा की राजधानी पणजी में एक फ्लैट में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ होने से हड़कंप मच गया। सीआईडी क्राइम ब्रांच ने अरपोरा में गणेश मंदिर के पास मौजूद फ्लैट में छापा मारकर इसका खुलासा किया।
सीआईडी टीम को फ्लैट में तीन जोड़े आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा इस रैकेट को चलाने वाले तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ग्राहक बनकर फ्लैट में इंट्री की और आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि इस दौरान तीन आरोपी भागने में कामयाब रहे। पकड़े गए आरोपियों के नाम सहीदुल इस्लाम (33), दिलीप पॉल (25), सयाथ एम (22) है।
फ्लैट से मुक्त कराई गई लड़कियों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। तीनों गोवा के बाहरी इलाके की रहने वाली हैं।
हैदराबाद: अंतरराष्ट्रीय रैकेट का पर्दाफाश
वहीं, दूसरी ओर हैदराबाद पुलिस ने रविवार को पुराने शहर में एक अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करके दो महिलाओं को आजाद कराया है। इसके साथ ही पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
TOI के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने बताया कि अबू धाबी ने रहने वाले उनके मालिक ने उनका उत्पीड़न किया और नंगे हाथों से टॉयलेट साफ करने को मजबूर किया। यही नहीं, सजा के तौर पर उनसे कई टन प्याज भी कटवाई।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान इम्तियाज (35) और उसकी मां फातिमा के रूप में हुई है। दोनों पीड़ित महिलाएं एक ही परिवार की हैं। दोनों के दो-दो बच्चे भी हैं। उनके शराबी पतियों की करतूत के चलते वे इस रैकेट के चंगुल में फंस गईं।
मालिक ही नहीं उसके मेहमान भी करते थे दरिंदगी
दोनों पीड़ितों ने नौकरी की लालच में ऊंचे ब्याज पर एक-एक लाख रुपए उधार लिए और फातिमा को दे दिए ताकि वह विदेश जाकर नौकरी कर सके।
फातिमा ने उन्हें अबू धाबी भेजा और बताया कि वह करीब 30 हजार रुपए महीने अपने घर भेज सकेंगी। हालांकि 11 नवंबर को अबू धाबी पहुंचने के बाद उन्हें जो झेलना पड़ा वह बेहद खौफनाक है।
अबू धाबी पहुंचकर दोनों महिलाओं ने जिस घर में काम करना शुरू किया उसके मालिक ने उनके साथ हैवानियत शुरू की दी। घर के कामों के अलावा उनसे और भी काम कराए जाने लगे। यही नहीं, घर का मालिक और उसके यहां आने वाले मेहमान उनका यौन शोषण करते और बेहद घिनौने काम करवाते थे।
उन्होंने जब संबंध बनाने से मना किया तो मालिक ने उनकी पिटाई की। उसने दोनों को नंगे हाथों टॉयलेट साफ करने के लिए मजबूर किया।
विरोध करने पर दी ये सजा
जब दोनों ने इसका विरोध किया तो आरोपी मालिक ने उन्हें लगातार कई टन प्याज काटने को मजबूर कर दिया।
लगातार हो रहे अत्याचार के कारण एक महिला बीमार पड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इसके बाद मालिक ने उसे 1 दिसम्बर को हैदराबाद वापस भेज दिया। वापस आने के बाद उसने पुलिस के पास जाकर पूरा हाल बयां कर दिया।
जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी इम्तियाज को पकड़ लिया। उसके जरिए उन्होंने अबू धाबी में रहने वाले व्यक्ति को भी राजी कर लिया जिसके बाद उसने दूसरी महिला को भी वापस भेज दिया। डीसीपी ने बताया कि दोनों महिलाओं के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी दलाल इम्तियाज और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है।-amarujala